कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर देहात में होली के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 13 वर्षीय एक लड़की ने अपने छोटे भाई से हुए झगड़े के बाद आत्महत्या कर ली। गुरुवार शाम हुई इस घटना के बाद परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लड़की अपने छोटे भाई को होली खेलने के लिए घर से बाहर जाने से मना कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान भाई ने उसे डंडे से मार दिया, जिस पर लड़की ने उसे थप्पड़ मार दिया। बाद में माता-पिता ने बीच-बचाव करते हुए लड़की को डांट दिया।
कुछ देर बाद परिवार के सभी लोग अपने-अपने काम में लग गए। शाम करीब 6 बजे लड़की घर के एक कमरे में गई और अपनी मां के दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आई तो मां ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
दरवाजा तोड़कर अंदर जाने पर परिवार वालों ने लड़की को फंदे से लटका पाया। पिता ने तुरंत उसे नीचे उतारा और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।