कानपुर न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के कानपुर से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक पत्नी ने पति से विवाद के बाद उसे कुल्हाड़ी से काट डाला। नशे का विरोध करने पर हुए इस झगड़े ने खौफनाक रूप ले लिया और पति की जान चली गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला कानपुर के बिठूर इलाके का है। मृतक रवि शंकर अपनी पत्नी वीरांगना और दो बच्चों के साथ अलग रहता था। रवि शंकर की शादी साल 2019 में बांदा की रहने वाली वीरांगना से हुई थी। बुधवार को वीरांगना पनकी में अपनी बहनों के घर गई थी, जहां उसने शराब पी। देर रात वह नशे की हालत में घर लौटी, जिस पर पति ने उसकी शराब पीने की आदत और बच्चों को छोड़कर बाहर जाने को लेकर विरोध किया।
इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि वीरांगना ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पति पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल रवि शंकर फर्श पर गिर पड़ा। इसके बाद वीरांगना ने अपनी सास को फोन कर यह कहकर बुलाया कि पति का एक्सीडेंट हो गया है। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जब सास घर लौटी तो देखा कि बहू फर्श पर फैला खून साफ कर रही है। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। जांच में घर से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई और पूछताछ में पूरा मामला सामने आ गया। पुलिस ने वीरांगना को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।