कानपुर न्यूज डेस्क: बिठूर थाना क्षेत्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक युवती ‘हल्दी’ समारोह के दौरान युवक के घर पहुंच गई और उस पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। युवती ने समारोह स्थल पर ही विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में किसी अन्य युवती से विवाह तय कर लिया। जैसे ही उसे हल्दी समारोह की जानकारी मिली, वह सीधे उसके घर पहुंच गई और परिवार के सामने विरोध दर्ज कराया।
शिकायत के मुताबिक, उसकी मुलाकात होरा बंगर निवासी अनुराग सिंह यादव से करीब एक वर्ष पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों करीब आए। युवती का कहना है कि अनुराग ने कई बार शादी का भरोसा दिलाया और उसी आधार पर संबंध बनाए। जब भी वह शादी की बात करती, आरोपी बहाने बनाकर टाल देता था।
एसीपी (कल्याणपुर) आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों कुछ समय से संबंध में थे। पुलिस पूरे प्रकरण की गहराई से जांच कर रही है।