कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक अनोखा नज़ारा देखने को मिला, जब दुल्हन की तरह सजी एक युवती बिना हेलमेट के बुलेट दौड़ाती हुई गुजरी। राहगीर उसे देखकर हैरान रह गए और कई लोगों ने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया और युवती अचानक चर्चा का विषय बन गई।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवती ने लाल लहंगा और दुल्हन वाला मेकओवर किया हुआ था। उसके साथ पीछे स्कूटी पर दो युवतियां और आगे बाइक पर दो किशोर भी चल रहे थे। बाइक पर पीछे बैठा किशोर उल्टा बैठकर लगातार वीडियो शूट करता नजर आया। हाईवे पर बिना सुरक्षा के स्टंटनुमा हरकत ने कई लोगों को असहज भी कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह शूट सरसौल क्षेत्र से होता हुआ पुरवमीर की ओर जा रहा था। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि युवती नर्वल क्षेत्र की रहने वाली है और किसी ब्यूटी कंपनी के लिए मेकओवर वीडियो शूट कर रही थी। वायरल वीडियो में इंस्टाग्राम आईडी भी दिखाई दे रही है।
वीडियो सामने आने के बाद महाराजपुर पुलिस भी सक्रिय हो गई है। पुलिस बुलेट के नंबर के आधार पर युवती की पहचान करने में जुटी है, हालांकि अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो सकी है। थाना प्रभारी राजेश कुमार के अनुसार, नियम तोड़ने वाले लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।