कानपुर न्यूज डेस्क: शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। सप्लाई विभाग की टीम ने केशव नगर इलाके में छापा मारकर अवैध गैस रिफिलिंग का धंधा पकड़ लिया और मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
सोमवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अमरजीत सिंह वैश्या के नेतृत्व में टीम ने नक्षत्र डायग्नोस्टिक सेंटर के पास टीनशेड में छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से तीन घरेलू गैस सिलेंडर, एक छोटा सिलेंडर, गैस भरने के उपकरण और 76 सिलेंडर कैप बरामद किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, बड़े सिलेंडरों में से दो भरे हुए थे, जबकि एक आधा भरा मिला। वहीं छोटा सिलेंडर खाली था।
मौके पर मौजूद व्यक्ति की पहचान सूरज यादव के रूप में हुई है, जो एक गैस एजेंसी से जुड़ा हॉकर बताया जा रहा है। आरोप है कि वह घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर ऊंचे दामों पर बेच रहा था।
अधिकारी ने बताया कि मामले में थाने में लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।