कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब ट्रेन से उतरते समय एक युवक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा। प्लेटफॉर्म पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक की जान बचाई और राहत कार्य शुरू किया।
यह घटना प्लेटफॉर्म नंबर 6 की है। घायल युवक की पहचान महाराष्ट्र के मुंबई निवासी मोहम्मद आसिफ के रूप में हुई है। वह मुंबई की एक निजी कंपनी में काम करता है और लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से कानपुर पहुंचा था। कानपुर से उसे आगे कन्नौज अपने रिश्तेदारों के यहां जाना था।
बताया जा रहा है कि ट्रेन से उतरते समय जल्दबाजी में आसिफ का पैर फिसल गया, जिससे वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया। सौभाग्य से उस समय ट्रेन रुकी हुई थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के तुरंत बाद आरपीएफ जवानों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
आरपीएफ की टीम ने घायल युवक को तत्काल हैलट (एलएलआर) अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, आसिफ की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। इस घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी देखने को मिला।