कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का सामान आपस में बांट रहे तीन लोगों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में एक 14 वर्षीय बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस को सूचना मिली थी कि झींझक सहकारी समिति के पास कुछ युवक संदिग्ध हालात में जमा हैं, जिसके बाद घेराबंदी कर छापा मारा गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मकनियापुर निवासी अर्पित कुमार, ऋषभ और एक नाबालिग के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से कमर पेटी, पायल, मंगलसूत्र, अंगूठियां और चैन समेत कई आभूषण बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि दो फरवरी की रात गांव के जीतू के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और अब सामान बेचने की तैयारी में थे। कोर्ट में पेशी के बाद नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया, जबकि अन्य दोनों को जेल भेज दिया गया।
इसी जिले के शिवली थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने चोरी के एक अन्य मामले का खुलासा किया है। पांडेय हार गांव के पास से अरसदपुर निवासी राजू को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी के खड़ुआ और 5300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22 फरवरी की रात उसने अरुण कुमार के घर में सेंध लगाई थी और चोरी का कुछ सामान विपिन नाम के व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार साथी की तलाश जारी है।