कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर में थार गाड़ी से हुए हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार गीता सचान को कोर्ट से राहत मिल गई है। अदालत ने उसे निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया। साथ ही मामले की जांच कर रही पुलिस को भी फटकार लगाई। कोर्ट ने सवाल उठाया कि सड़क हादसे के मामले में हत्या की धारा क्यों लगाई गई? पुलिस ने किस आधार पर इसे मर्डर केस माना है? गौरतलब है कि इस हादसे में थार की चपेट में आने से 60 वर्षीय एलआईसी एजेंट की मौत हो गई थी।
इस बीच गीता सचान के पिता अशोक कुमार ने भी अपनी बेटी की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह बेहद दुखी हैं और पीड़ित परिवार के दर्द को समझते हैं। अशोक कुमार के मुताबिक, उनकी बेटी से जो हुआ, उसके लिए उन्हें अफसोस है, लेकिन वह मृतक को वापस नहीं ला सकते। उनका कहना है कि यह एक हादसा था और किसी ने जानबूझकर ऐसा नहीं किया।
'हमने भी दिवाली नहीं मनाई, घर में रखा रहा पूजा का सामान'
अशोक कुमार ने कहा कि इस हादसे के बाद उनका परिवार भी दुखी है। उन्होंने बताया कि दिवाली के लिए घर में दीये, बाती, मोमबत्तियां, गट्टे-खिलौने और पूजा का बाकी सामान लाया गया था, लेकिन घटना के बाद किसी ने कुछ नहीं किया। घर में रखा सारा सामान वैसा ही पड़ा रहा और परिवार ने त्योहार नहीं मनाया।
उन्होंने बताया कि उनकी छोटी बेटी ने त्योहार के नाम पर सिर्फ दो-तीन दीये जलाए थे। परिवार ने न तो पटाखे फोड़े और न ही किसी तरह जश्न मनाया। अशोक कुमार का कहना है कि उन्हें पता है कि जिस परिवार ने अपने सदस्य को खोया है, उनके घर में भी दिवाली की खुशियां नहीं रही होंगी।
'मेरी बेटी पहले भी चलाती रही है बड़ी गाड़ी'
गीता के पिता ने यह भी कहा कि उनकी बेटी पहली बार गाड़ी नहीं चला रही थी। वह पहले भी दिल्ली से गाड़ी चलाकर घर आती रही है। अशोक कुमार के मुताबिक, बेटी के पास गाड़ी से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज थे और इसी वजह से उसे गाड़ी दी गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह हाल ही में घर लौटी थी और बड़ी गाड़ी चलाने की आदी थी।
उन्होंने कहा कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि ऐसा हादसा हो जाएगा। अशोक कुमार के मुताबिक, कई बार अनुभवी और अच्छे लोगों से भी इस तरह की दुर्घटनाएं हो जाती हैं। उन्होंने एक बार फिर घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवार से माफी मांगी।