कानपुर न्यूज डेस्क: कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में खुले नाले में गिरने से हलवाई हरिशंकर बाजपेई की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह घर के दरवाजे के पास बैठे थे, तभी उन्हें हल्की झपकी आ गई और संतुलन बिगड़ने से वह पास के खुले नाले में जा गिरे। हैरानी की बात यह है कि आसपास मौजूद लोग उन्हें नाले में गिरते देखते रहे, लेकिन किसी ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश नहीं की। न ही नगर निगम को इसकी सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, हरिशंकर पेशे से हलवाई थे। घटना के वक्त उनकी पत्नी और बेटी बाजार गई हुई थीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में उनके नाले में गिरने की पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में घटना के दौरान आसपास लोगों की मौजूदगी भी सामने आई है। हालांकि, किसी ने उन्हें बचाने के लिए पहल नहीं की।
कुछ देर बाद जब पत्नी और बेटी बाजार से घर लौटीं, तो उन्होंने हरिशंकर को नाले में गिरा हुआ देखा। इसके बाद इसकी सूचना दी गई और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने उन्हें नाले से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। परिवार के लिए यह खबर बेहद दुखद रही।
घटना के बाद परिजनों ने खुले नाले और लोगों की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। मृतक की साली का कहना है कि अगर नाला खुला नहीं होता या समय रहते किसी ने मदद की होती, तो हरिशंकर की जान बच सकती थी। वहीं, एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।