कानपुर न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद लखनऊ में एक साथ मंच पर नजर आए। दोनों नेताओं ने आगामी चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है और अपने गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' नाम दिया है। इसी सिलसिले में दोनों ने लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में साझा रैली की, जहां ओवैसी ने योगी सरकार पर निशाना साधा।
रैली में ओवैसी ने कहा कि बुलडोजर और एनकाउंटर से इंसाफ नहीं मिल सकता। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिन अब ज्यादा नहीं रह गए हैं। आरएसएस और संघ परिवार पर हमला बोलते हुए उन्होंने उन्हें संविधान का दुश्मन बताया। ओवैसी ने कहा कि संविधान की रक्षा के लिए जरूरत पड़ने पर जान और माल की कुर्बानी देने के लिए भी तैयार रहना होगा। उनके मुताबिक, संविधान कमजोर या बर्बाद हुआ तो यह खासकर मुस्लिम, दलित और कमजोर तबकों के लिए जिंदगी और मौत का सवाल बन जाएगा।
ओवैसी ने अपने भाषण में कहा कि अब 'अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि कुर्सी पर बैठेगा।' उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज अब सिर्फ वोटर बनकर नहीं रहेगा, बल्कि अपनी राजनीतिक पहचान और नेतृत्व तैयार करेगा। ओवैसी के मुताबिक, अब्दुल अपने वोट के दम पर चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री बनाएगा और योगी आदित्यनाथ की दोबारा मुख्यमंत्री बनने की राह रोकेगा। उन्होंने कहा कि मुस्लिम, दलित और कमजोर वर्गों की समस्याएं एक जैसी हैं और इन सभी को बराबरी के साथ सत्ता में हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों पर बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि स्वराज का मतलब किसी एक जाति, धर्म या परिवार का शासन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कभी ठाकुर तो कभी यादव का राज होने से जनता का राज स्थापित नहीं होता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा और देश व यूपी में नफरत बढ़ने के लिए दोनों को जिम्मेदार ठहराया। ओवैसी ने कहा कि उनकी और चंद्रशेखर आजाद की पार्टियां तब तक चैन से नहीं बैठेंगी, जब तक गरीबों, कमजोरों और मजलूमों को इंसाफ नहीं मिल जाता। उन्होंने कहा कि जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने के लिए वे मरना पसंद करेंगे, लेकिन खामोश नहीं बैठेंगे।