कानपुर न्यूज डेस्क: आईआईटी में दाखिला लेना देश के लाखों युवाओं का सपना होता है। यहां से पढ़ाई पूरी करने के बाद ज्यादातर छात्र अच्छी नौकरी, मोटी सैलरी और विदेश में करियर बनाने का लक्ष्य रखते हैं। लेकिन आईआईटी कानपुर के पूर्व छात्र श्रीश जाधव ने इन सबसे अलग रास्ता चुना। शानदार अकादमिक रिकॉर्ड और बेहतर करियर के कई मौके होने के बावजूद उन्होंने संन्यास लेकर समाज सेवा को अपनी जिंदगी का मकसद बना लिया। आज वह स्वामी सर्वोत्तमानंद के नाम से जाने जाते हैं।
श्रीश जाधव ने साल 1985 में जेईई में ऑल इंडिया रैंक 2 हासिल करने के बाद आईआईटी कानपुर में दाखिला लिया था। आईआईटी के डीन ऑफ रिसोर्सेज एंड एलुमनी (DoRA) कार्यालय के रिकॉर्ड के मुताबिक, उन्होंने समाजशास्त्र को छोड़कर सभी विषयों में ए ग्रेड हासिल किया था। भारत में दूसरा और पश्चिमी क्षेत्र में पहला स्थान पाने के लिए उन्हें मेरिट सर्टिफिकेट भी मिला। इसके बाद 1989 में उन्होंने कंप्यूटर साइंस में गेट परीक्षा में 99.92 पर्सेंटाइल के साथ टॉप किया। साल 1995 में कंप्यूटर साइंस से पीएचडी पूरी करने के बाद उन्होंने कॉरपोरेट जगत या विदेश में नौकरी करने के बजाय बेलूर मठ स्थित रामकृष्ण मिशन से जुड़ने का फैसला किया।
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने जिंदगी की सुख-सुविधाएं छोड़कर संन्यासी बनने का फैसला क्यों किया, तो उनका जवाब काफी अलग था। आईआईटी कानपुर के एलुमनी प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने कहा था, ''मैंने त्याग को कोई बहुत बड़ी बात नहीं माना। असल में त्याग तो आपने किया है। मैंने छोटी चीजें छोड़कर कुछ बेहतर चुना, जबकि आपने बेहतर चीजें छोड़कर सामान्य चीजों को अपना लिया। अब बताइए, असल में त्याग किसने किया?'' उनका यह जवाब बताता है कि उनके लिए सफलता का मतलब सिर्फ पैसा, पद और सुविधाएं हासिल करना नहीं था।
संन्यास लेने के बाद भी श्रीश जाधव ने पढ़ाई और रिसर्च से अपना नाता नहीं तोड़ा। स्वामी सर्वोत्तमानंद के रूप में उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के नरोत्तमनगर स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल में मानद शिक्षक के तौर पर काम शुरू किया। 1996-97 में वह रामकृष्ण मिशन शिल्पमंदिर में मानद लेक्चरर रहे और 1997 से 2006 तक कंप्यूटर साइंस पढ़ाने के साथ विभाग के संचालन में भी योगदान दिया। बाद में वह रामकृष्ण मिशन विवेकानंद यूनिवर्सिटी में डीन ऑफ रिसर्च और कंप्यूटर साइंस कोऑर्डिनेटर बने। उनकी रिसर्च में कंप्यूटेशनल ज्योमेट्री, ग्राफ और ज्योमेट्रिक एल्गोरिदम व डिस्क्रीट एप्लाइड मैथेमेटिक्स शामिल हैं। उनके बीटेक प्रोजेक्ट को एसीएम जर्नल के लिए भी चुना गया था और उनके शोध अंतरराष्ट्रीय जर्नल व कॉन्फ्रेंस में प्रकाशित हुए। समाज के लिए उनके योगदान को देखते हुए 2009 में आईआईटी कानपुर ने उन्हें प्रतिष्ठित डिसिंग्विश्ड एलुमनस अवॉर्ड से सम्मानित किया। यह संस्थान की ओर से पूर्व छात्रों को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मान है।